यूपी की सियासत में चुनाव से पहले ही गठबंधन की गांठ उलझती नजर आ रही है। कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के सामने 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश की, तो सपा ने भी बिना देर किए कांग्रेस को उसकी राजनीतिक ताकत का आईना दिखा दिया।
सपा ने कांग्रेस को बाकायदा एक ग्राउंड रिपोर्ट भेजकर 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव के आंकड़े सामने रख दिए हैं। इस रिपोर्ट के जरिए सपा ने साफ संदेश देने की कोशिश की है कि सिर्फ ज्यादा सीटें मांगने से गठबंधन में हिस्सेदारी तय नहीं होती, बल्कि सीटों पर जीतने की ताकत और जमीनी पकड़ भी दिखानी पड़ती है।
रिपोर्ट के आंकड़े कांग्रेस के लिए असहज करने वाले हैं। सपा ने याद दिलाया है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पूरे प्रदेश में उसे महज 21.51 लाख वोट मिले थे।
यह कुल मतदान का सिर्फ 2.33 फीसदी था। इतना ही नहीं, पार्टी के 387 उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो गई थी। यानी 399 सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद कांग्रेस सिर्फ 12 सीटों पर ही अपनी जमानत बचा पाई थी।
